फोटो 19 एचएएमपी 27- राठ में आंबेडकर चौराहे पर भरे पानी से निकलते वाहन। संवाद
राठ (हमीरपुर)। सुबह मौसम साफ रहने के बाद शनिवार दोपहर तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम वर्षा से नगर की नालियां और नाले पानी से लबालब हो गए। गंदा पानी सड़कों पर बहने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
आंबेडकर चौराहे पर इन दिनों लोक निर्माण विभाग की ओर से सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते पहले से ही रास्ता प्रभावित है। शनिवार को बारिश होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। सड़क पर पानी भरने तथा निर्माण सामग्री के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। करीब एक घंटे तक चौराहे से गुजरने वाले वाहन रेंगते नजर आए। दोपहिया चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष दिक्कत हुई।
कस्बे के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज पानी गिरने से खेत भर गए। कई जगह मेड़ तक पानी पहुंच गया। किसानों के अनुसार मौजूदा समय में खेतों में नमी पर्याप्त हो चुकी है। अब यदि लगातार बारिश होती रही तो जोताई, बोआई समेत अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी सूखने के बाद ही आगे की तैयारी संभव होगी। उन्होंने मौसम खुलने की उम्मीद जताई जिससे खेती से जुड़े जरूरी कार्य समय पर शुरू किए जा सकें।