हमीरपुर। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव लड़े अध्यक्ष पद के दो दावेदारों ने तीन जनवरी को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को शिकायत पत्र देकर चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं। इस मामले राज्य विधिक परिषद के उपाध्यक्ष ने संज्ञान लेकर चुनाव निष्पक्ष कराए जाने को निर्देशित किया है।
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़े कृष्ण बिहारी पांडेय व रामस्वरूप यादव ने दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि मतदाता सूची में अधिवक्ताओं के पंजीकरण संख्या एवं सीओपी नंबर सही नहीं हैं। उन्हीं लोगों को मतदान में भाग लेने का अवसर दिया गया। कहा एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन व चुनाव अधिकारी ने बार काउंसिल से मतदाता सूची की जांच कराए बिना ही जारी कर दी गई। कहा मतदाता सूची की जांच कराकर माडल बाईलाज के नियमों के तहत चुनाव कराए जाएं। आरोप लगाया कि एल्डर्स कमेटी की सलाह के बिना मनमाने तौर पर अल्ताफ हुसैन को चुनाव आयुक्त नियुक्ति कर दिया गया। इस मामले में राज्य विधिक परिषद के उपाध्यक्ष राकेश पाठक ने पिछले आठ जनवरी को जारी पत्र में एल्डर्स कमेटी अध्यक्ष व चुनाव अधिकारी को निर्देशित किया है कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के द्वारा निर्गत आदेश जिसके साथ मतदाता सूची संलग्न की गई है। उसी को ध्यान में रख चुनाव प्रक्रिया कराएं। जिससे माडल बाइलाज में दिए गए नियमों का अनुपालन हो सके।
इस मामले में चुनाव आयुक्त रहे एड. अल्ताफ हुसैन ने कहा कि सारे आरोप निराधार हैं। कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराए गए हैं। कहा कि उन्हें जो लिस्ट उपलब्ध कराई गई, जिनके पास सीओपी हैं उन्हीं के वोट डलवाए गए हैं। कहा कि बार काउंसिल में नेट सुविधा नहीं है।