महोबा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी। इसको लेकर व्यावसायिक शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनपद में राजकीय आईटीआई महोबा, चरखारी, बेलाताल व खरेला संचालित हैं। आईटीआई में संचालित विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश को लेकर इस वर्ष 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया कराई गई। अब प्रथम चरण के प्रवेश 27 अगस्त से चार सितंबर तक कराए जाने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि इस वर्ष आईटीआई की प्रवेश प्रक्रिया देरी से शुरू हुई। राजकीय आईटीआई महोबा में एक वर्षीय व दो वर्षीय एनसीवीटी व एससीवीटी की 18 ट्रेडें संचालित हैं। इन ट्रेडों की करीब चार सौ सीटों पर छात्र-छात्राओं के प्रवेश होना है।
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्र-छात्राओं के शैक्षिक व अन्य दस्तावेजों की जांच व काउंसिलिंग की जाएगी। इसके बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। इसको लेकर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव अभिषेक सिंह की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। प्रथम चरण में प्रवेश से वंचित रहने वाले छात्रों को दूसरे चरण में प्रवेश के लिए मौका दिया जाएगा। सीटें खाली रहने पर तीसरे चरण में प्रवेश प्रक्रिया होगी।