फोटो29एचएएमपी- 01 निर्वाचन कार्यालय में निर्देश पुस्तिकाओं को रखता कर्मचारी। संवाद
फोटो29एचएएमपी- 01 निर्वाचन कार्यालय में निर्देश पुस्तिकाओं को रखता कर्मचारी। संवाद
मतपत्रों के बाद अब चुनावी दिशा-निर्देश पुस्तिकाएं भी मंगाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पंचायत चुनाव की तारीख भले ही अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रहीं है। चुनाव की घोषणा से पहले ही निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में अधिकारी जुटे हैं। मतपत्र और मतपेटियां पहले ही मंगाई जा चुकी हैं। अब निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग-अलग रंग की 2655 चुनावी दिशा-निर्देश पुस्तिकाएं मंगा ली गईं हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव में अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा-निर्देश पुस्तिकाएं उपलब्ध कराईं जाएंगी। इन पुस्तिकाओं में चुनाव के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और जिम्मेदारियों से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी के लिए 190 पुस्तिकाएं, पीठासीन अधिकारियों के लिए 1,980, मतगणना अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए 280, आदर्श आचार संहिता से संबंधित 200 तथा प्रेक्षकों के लिए पांच पुस्तिकाएं मंगाई गई हैं।
चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद इन दिशा-निर्देशों के आधार पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया कि पंचायत चुनाव की घोषणा होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। फिलहाल जिला स्तर पर चुनाव से संबंधित तैयारियां पूरी रखने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।