मौदहा (हमीरपुर) राम मंदिर चंदा चोरी मामले में कथित तौर पर आपत्तिजनक बैनर लगाने के मामले में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित पांच को नोटिस जारी हुआ है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सात जुलाई को कस्बे के स्टेशन रोड स्थित आंबेडकर पार्क व नगर पालिका के स्वागत गेट में विवादित बैनर लगाए थे जिस पर चंदा चोर पार्टी का कस्बा मौदहा में प्रवेश वर्जित है जैसी बातें लिखी थीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। एसडीएम करनवीर सिंह ने बताया कि इस कृत्य से शांति व्यवस्था बाधित होने की संभावना थी।
बताया कि न्यायालय ने मनीष गुप्ता, आदित्य प्रजापति, रवि साहू, त्रिलोक चंद्र और बलराम सेन को अदालत में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने तथा एक वर्ष तक शांति बनाए रखने के लिए एक लाख रुपये का निजी बंधपत्र और इतनी ही धनराशि की दो जमानत दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं नगर पालिका ईओ सीमा तोमर ने बताया कि सरकारी संपत्ति पर बिना अनुमति के बैनर लगाया गया था जिस पर आप जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी किया है।