फोटो 28 एचएएमपी 12- कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद। संवाद
भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के टेढ़ा गांव में शनिवार रात आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सिंचाई और खाद की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि नमामि गंगे पेयजल योजना के तहत कई घरों तक नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। विधायक ने मौके पर मौजूद नमामि गंगे के अवर अभियंता को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि दो माह के भीतर पाइपलाइन की कमियां दूर कर प्रत्येक घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कहा कि दो माह बाद वह अधिशासी अभियंता के साथ गांव पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करेंगे। यदि समस्या मिली तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।
विधायक ने विद्युत विभाग के एसडीओ को किसानों के नलकूपों से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यहां पर ग्राम प्रधान नोखेलाल यादव, सौरभ सिंह, बिहारीलाल प्रजापति, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण पाल, पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. आरबी यादव, भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
फोटो 28 एचएएमपी 12- कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद। संवाद