फोटो 10 एचएएमपी 16- मुठभेड़ में घायल वांछित को पुलिसकर्मी सहारा देकर अस्पताल ले जाते हुए। विभा
हमीरपुर। बुधवार शाम कुरारा क्षेत्र में पुलिस पर हमले के एक और आरोपी दुर्गा निषाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मिश्रीपुर के पास अकौना मोड़ जंगल में दबिश के दौरान आरोपी ने भागने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के पास गोली लगी। पुलिसकर्मियों ने घायल आरोपी को सहारा देकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
बता दें कि दुर्गा निषाद दो दिसंबर को कुरारा थाना क्षेत्र के उमराहट में पुलिस टीम पर हमले और सरकारी पिस्टल लूट की घटना में नामजद है। उस दिन दो पक्षों के विवाद की सूचना पर चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद और कांस्टेबल आशीष मौर्य मौके पर पहुंचे थे। भीड़ अचानक उग्र हो उठी और कुल्हाड़ी, धारदार हथियार व डंडों से बलवा कर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कांस्टेबल आशीष को रस्सी से बांधकर पीटा था। हमले के दौरान चौकी प्रभारी की सरकारी सर्विस पिस्टल, मैगजीन और दस कारतूस भी छीन लिए गए थे। गंभीर घायल कांस्टेबल को कानपुर रेफर किया गया था।
घटना के आधार पर कुरारा थाना में 19 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, लूट और एलसीए एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा ने घटना का खुलासा करने के लिए टीमें गठित कीं और लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वांछित दुर्गा निषाद को पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामदगी के लिए जंगल में पहुंचने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से 9 एमएम की सर्विस पिस्टल, मैगजीन, नौ जिंदा और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज, उपनिरीक्षक अशर्फीलाल जायसवाल, उपनिरीक्षक रिंकू तिवारी, उपनिरीक्षक अजय वर्मा, कांस्टेबल कौशल झां, आकाश, कृष्ण कुमार, सूर्यप्रकाश गिरी और गुलशन शर्मा शामिल रहे।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया दो दिसंबर की घटना में नामजद एक और वांछित को बुधवार शाम पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है और शेष आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।