हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते चबूतरा कस्बा के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क गई है। हादसे में कार चालक और दो बच्चे घायल हो गए हैं। इनमें कार चालक गंभीर घायल है।
तीनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सोमवार सुबह करीब पौने 9 बजे कार चालक बीरबल सिंह पुत्र रफी राम कार में सवार होकर हमीरपुर से सुजानपुर की तरफ जा रहा था। कार में उसका बेटा राहुल और आंजल भी सवार था। जैसे ही बीरबल कार लेकर चबूतरा के समीप पहुंचा तो कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पहाड़ी में लुढ़क गई। हादसे में कार चालक बीरबल को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दोनों बच्चों को भी चोटें आई हैं। तीनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई है।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उधर, पुलिस अधीक्षक अजय बौद्ध का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर रवाना हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।