हमीरपुर। कालपी फोरलेन पर शहर कोतवाली क्षेत्र में शीतलपुर गांव के पास बाइक से जा रहे दंपती को पीछे से बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में डिवाइडर से टकराने से बिना हेलमेट लगाए कानपुर के बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार दंपती घायल हो गए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।
जनपद कानपुर नगर के थाना साड़ के छाजा गांव के करीब 25 कंजर परिवार थाना कुरारा के पास झलोखर गांव के बाहर डेरा डाले हैं। ये गांवों में घूम फिरकर विभिन्न सामान की बिक्री करते हैं। छाजा गांव निवासी राजा (18) गुरुवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे झलोखर में ठहरे परिवार के लोगों के पास अकेले बाइक से जा रहा था।
इधर, पतारा निवासी हरीओम (28) अपनी पत्नी नीतू (26) शहर से होकर बाइक पर गांव जा रहे थे। शीतलपुर गांव के पास पीछे से तेजगति आ रहे राजा की बाइक आगे जा रहे दंपती की बाइक से जा भिड़ी। हादसे में राजा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आगे चल रहे बाइक सवार दंपती को मामूली चोटें आने पर सदर अस्पताल भेजा गया है।
पारिवारिक चाचा गुलाब कंजर ने बताया कि राजा अविवाहित था। उनके डेरे पर आ रहा था। हादसा की सूचना पुलिस ने उन्हें दी है। कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर एसआई राजेश कुमार को भेजा। तीनों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। मृतक राजा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।