तकनीकी विवि में पहुंचकर एडीएम हमीरपुर यहां भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की मांगों को लेकर जारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की क्रमिक भूख हड़ताल शुक्रवार के समाप्त हो गई। एडीएम हमीरपुर डॉ. जितेंद्र सांजटा ने जूस पिलाकर क्रमिक भूख हड़ताल खत्म करवाई। उन्होंने कहा कि तकनीकी विवि की मांगें प्रदेश सरकार के ध्यान में हैं और शीघ्र ही इस बारे में सरकार उचित निर्णय लेगी।
उल्लेखनीय है कि एबीवीपी इकाई अध्यक्ष महेश कुमार ने कहा कि तकनीकी विवि में न तो स्थायी कुलपति है, न स्थायी शिक्षक और न ही चपड़ासी हैं। विद्यार्थियों को दी जाने वाली मूलभूत सुविधाएं इस विश्वविद्यालय में नहीं मिल रही हैं। प्रदेश सरकार तकनीकी विश्वविद्यालय को अभी तक अधिनियम 12-बी के अंतर्गत लाने में भी असमर्थ रही है। वहीं अगर हम बात करें फीस स्ट्रक्चर की तो उसको देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि तकनीकी विश्वविद्यालय का निर्माण शिक्षा के नाम पर सीधे तौर पर विद्यार्थियों को लूटने के लिए किया गया हो।
महेश ने बताया कि बीते बुधवार को हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय की मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हमीरपुर में मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय की मांगों को जल्द सरकार पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद शुक्रवार को क्रमिक भूख हड़ताल के 30वें दिन हड़ताल को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक महीने के अंतर्गत मांगों को जल्द पूरा न किया गया तो परिषद दोबारा उग्र आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेवारी विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।