फोटो 17 एचएएमपी 20- ट्रेन की चपेट में आने से घायल युवक को अस्पताल ले जाते लोग। संवाद
भरुआ सुमेरपुर। पत्नी के मायके से न आने से आहत युवक ने इंटरसिटी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस दौरान उसके दाहिने पैर का पंजा कट गया। उसे गंभीर हालत में एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कस्बे के ऊंछा थोक निवासी टरकू का बेटे वरदानी (38) ने बताया कि पत्नी मीना मायके चली गई है। अब आने के लिए तैयार नहीं है। इसी से वह परेशान था। बताया कि वह पहले रेलवे स्टेशन पर गया था। वहां जीआरपी के सिपाही ने उसे भगा दिया। इस वजह से वह बांदा रोड के रेलवे क्रॉसिंग के पास आत्महत्या करने पहुंच गया जहां वह इंटरसिटी ट्रेन के आने का इंतजार करने लगा। यहां से गेटमैन से उसे भगा दिया। इसके बाद वह करोड़न नाला की तरफ जाकर ट्रेन की पटरी पर लेट गया। युवक को पटरी में लेटा देख इंटरसिटी के चालक ने ट्रेन रोक दी और उसे पटरी से हटा दिया। जैसे ही दोबारा ट्रेन आगे बढ़ी तो वह पटरियों की ओर फिर गया। ट्रेन के पहियों के नीचे आने से दाहिने पैर का पंजा कट गया। इस पर चालक ने फिर ट्रेन रोक दी।
लोगों ने घायल युवक को पटरी किनारे से उठाकर एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती पहुंचाया गया जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जीआरपी के सिपाही सुभाष ने बताया कि युवक स्टेशन पर त्रिशूल लेकर पटरी के आसपास टहल रहा था। उसे वहां भगा दिया था। इसके बाद उसने रेलवे क्रॉसिंग के पास आत्महत्या करने का प्रयास किया।