मौदहा (हमीरपुर)। पढ़ोरी गांव में बेरोजगारी से तंग आकर परमेंद्र (35) पुत्र हेतराम प्रजापति ने शुक्रवार शाम अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चचेरे भाई विवेक ने बताया कि परमेंद्र लंबे समय से रोजगार के लिए भटक रहा था। पिछले महीने वह काम की तलाश में कर्नाटक गया था लेकिन काम नहीं मिला।
इसके बाद लगभग 15 दिन पहले महाराष्ट्र भी गया जहां 10 दिन ठहरने के बावजूद उसे नौकरी नहीं मिली। इसके बाद मायूस होकर वापस गांव आ गया था। बताया कि परमेंद्र अक्सर निराश रहता था। शुक्रवार शाम घर के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। परमेंद्र अपने पीछे पत्नी सोना और तीन नाबालिग बेटियों को छोड़ गया है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है।