फोटो-12 एचएएमपी 09- राठ के बिजली पावर हाउस में जांच करती टीम। संवाद
राठ (हमीरपुर)। नगर में पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था को लेकर पूर्व विधायक, उनके जिला पंचायत सदस्य बेटे ने मुख्यमंत्री व पावर काॅरपोरेशन अध्यक्ष से शिकायत की थी। मंगलवार देर शाम तीन सदस्यीय टीम पावर हाउस पहुंची। टीम ने एसडीओ ऑफिस में कंप्यूटर खंगालकर डाटा चेक किया।
एक पखवाड़े से नगर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। कटौती से परेशान पूर्व विधायक डॉ. अंबेश कुमारी के बेटे जिला पंचायत सदस्य मृत्युंजय प्रताप एक अगस्त को पावर हाउस पहुंचे। उन्होंने एसडीओ और जेई को मोबाइल फोन बंद रखने पर खरी खोटी सुनाई थी। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। दो अगस्त को पूर्व विधायक बेटे के साथ लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। साथ ही ऊर्जा मंत्री व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल को पत्र देकर बिजली व्यवस्था के बारे में बताया था।
शासन के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता जीसी यादव, अधिशासी अभियंता अमित पाल और अकाउंटेंट विमल कुमार की टीम पावर हाउस पहुंची। करीब चार घंटे तक एसडीओ के कमरे को अंदर से बंदकर टीम ने कंप्यूटरों का डाटा खंगाला। अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिजली आने जाने के समय का डाटा निकाला जा रहा है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त के ऊपर से आदेश दिए गए हैं और जो भी कमियां होंगी उन्हें पूरी की जाएंगी। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।