- चित्रकूट धाम की पैदल यात्रा कर रहे थे तीनों श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
मौदहा (हमीरपुर)। चित्रकूटधाम की पैदल यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालुओं को रविवार की रात सिलौली बस स्टॉप पर बाइक सवार ने आराम करते वक्त कुचल दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर हालत के चलते महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जलालपुर थाना क्षेत्र के बिलगांव निवासी विपिन (16) पुत्र संतोष, तारा देवी (60) पत्नी मंगल और अतुल (40) पुत्र रघुनाथ चित्रकूटधाम की पैदल यात्रा पर निकले थे। रविवार रात तीनों सिलौली बस स्टॉप पर बैठकर थकान दूर कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार आया और तीनों को टक्कर मारते हुए निकल गया। अचानक हुई टक्कर से मौके पर चीख-पुकार मच गई। विपिन, अतुल और तारा देवी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार ने रुककर घायलों की सुध लेने के बजाय बाइक दौड़ा दी। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। मौदहा सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। तारा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं विपिन और अतुल का उपचार मौदहा अस्पताल में चल रहा है।