सरीला। थाना चिकासी के बेंदा डांडा गांव में रील बनाते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से खलासी की माैत हुई थी। बृहस्पतिवार को शव पोस्टमार्टम कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि झूलती विद्युत लाइन को विभाग की ओर से ठीक कर दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता।
बुधवार को इछौरा बेंदा मौरंग खदान से वापस जाते समय ट्रक बेंदा डांडा गांव में खराब हो गया। इसी दौरान जनपद जालौन के कदौरा निवासी खलासी आशीष उर्फ बबलू ट्रक पर चढ़कर रील बनाने लगा। वीडियो बनाते समय वह झूलती हुई हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इससे खलासी के साथ ट्रक में आग लग गई। घटना के समय जनपद जालौन के बरखेरा निवासी चालक जितेंद्र ट्रक पर था और जैसे ही उसे करंट का झटका लगा तो वह ट्रक से नीचे उतर गया।
चालक ने बताया कि वह मैकेनिक के कहने पर ट्रक स्टार्ट कर रहा था कि इसी दौरान उसे करंट का झटका लगा। इससे वह ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। नीचे देखा तो ट्रक सहित खलासी आग में जल रहा था। कहा कि खलासी ट्रक पर चढ़कर वीडियो बनाते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। थाना प्रभारी मयंक सिंह चंदेल का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। घटना से संबंधित कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। एसडीओ हरिश्चंद्र का कहना है कि ट्रक पर चढ़कर वीडियो बनाने के कारण घटना घटी है।