गोहांड। क्षेत्र के बंधौली गांव में न्यायालय का नोटिस तामील कराने गए चिकासी थाने के हेड कांस्टेबल के साथ ग्रामीण ने मारपीट की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र के मलाक चौधरी गांव निवासी दारा सिंह ने मंगलवार को दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह चिकासी थाने में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं।
वह न्यायालय का नोटिस तामील कराने बंधौली गांव गए थे। आरोप है कि गांव के राकेश पुत्र विजय ने उनसे गालीगलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मना करने पर उन्हें बाइक से खींच लिया और मारपीट करने लगा। बताया कि आरोपी ने उनकी गर्दन भी दबाई है। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और आरोपी ने उनका चश्मा तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। थानाध्यक्ष मयंक चंदेल ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।