गहरौली (हमीरपुर)। मुस्करा विकासखंड क्षेत्र के इमलिया गांव में बुधवार की रात कच्चे घर में जमीन पर सोते समय सर्प ने सगे भाई-बहन को डस लिया। बेटी को लेकर पिता गांव में झाड़ फूंक करता रहा लेकिन उसकी मौत हो गई। शव लेकर घर लौटा तो बेटा भी जमीन पर मृत मिला। दशहरे के दिन हुई घटना से मोहल्ले और गांववासियों में शोक है। पुलिस ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रशासन ने 10 दिन के अंदर मदद का भरोसा दिया है।
क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी रामराज प्रजापति ने बताया कि बुधवार रात उसकी बेटी काजल ( 6) और बेटा रोहित (4) वर्ष कमरे की जमीन पर लेट कर सो गए। रात करीब 11 बजे काजल के चिल्लाने पर देखा तो उसके पास से सांप भाग रहा था लड़की को गांव में ही झाड़-फूंक करने वालों के पास ले गए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घर आने पर देखा कि उसके बेटे को भी सांप ने डस लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह सूचना पर मोहल्ले और गांव वाले एकत्रित हो गए। सूचना पर नायब तहसीलदार मौदहा और मुस्करा इंस्पेक्टर योगेश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि वहां उन्हें सर्पदंश से बच्चों की मौत होने की बात कही गई।