नादौन (हमीरपुर)। नादौन अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को सुविधाओं के अभाव में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें घंटों कतारों में खड़े रह कर दवाई लेनी पड़ रही है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है। अधिकतर वरिष्ठ नागरिकों को बिना दवाई लिए घर लौटना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
वरिष्ठ नागरिक जसवंत सिंह, धर्म सिंह, जोगिंद्र सिंह, भगत राम, किशोरी लाल, तरसेम लाल, देवेंद्र सिंह आदि का कहना है कि अस्पताल में उन्हें पर्ची कटवाने के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इससे उन्हें भारी दिक्कत हो रही है। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पर्ची मिल रही है। इसके बाद डाक्टरों से भी दवाई लेने में उन्हें दूसरे लोगों के साथ डाक्टर की आवाज का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए पीले रंग की पर्ची अलग से मिलती है, जिसे डाक्टर लोग प्राथमिकता के आधार पर देखते हैं। लेकिन पर्ची कटवाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को एक ही लाइन से होकर पर्ची लेनी पड़ रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि 65 वर्ष के ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए पर्ची कटवाने के लिए अलग से प्रबंध किए जाए, जिससे वरिष्ठ नागरिक सुगमता से अपना इलाज करवा सकें।
उन्होंने बताया कि काफी समय से एक ही काउंटर पर वरिष्ठ नागरिकों को पर्चियां दी जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन से इस बारे शिकायत भी की। लेकिन प्रशासन कर्मचारियों का रोना रोकर भूल जाता है। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों और उनके साथ आए परिजनों को काफी परेशानी होती है।
उधर बीएमओ नादौन डा. अशोक कौशल का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों को अलग से पीले रंग की पर्ची देने का प्रावधान है, और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दवाई आदि दी जाती है। लेकिन कर्मचारियों के अभाव में अभी पर्ची काटने के लिए एक ही लाइन का प्रावधान है। कोई गंभीर मरीज होता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर पर्ची दी जाती है। इसी काउंटर पर अब वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन का प्रावधान कर दिया जाएगा, जिससे उन्हें लंबी लाइन से बचकर पर्ची मिल जाया करेगी।