नादौन (हमीरपुर)। शहर में एक निजी मोबाइल कंपन्नी के नाम पर पति- पत्नी को ठगा गया है। दोनों से 8300 रुपए की राशि ऐंठ ली। इसके बाद कंपन्नी के नाम पर 15 हजार रुपए की और पेशकश की गई। पति-पत्नी को पता चला कि वह दोनों ठगी का शिकार हो गए हैं। फोन पर नामी कंपनियों द्वारा लाटरी का झांसा देकर लाखों रुपए ठगे जा रहे हैं।
ऐसा ही मामला शहर के वार्ड नंबर एक के मनोज कुमार और उसकी पत्नी किरण के साथ हुआ है। इनके मोबाइल पर अंतरराष्ट्रीय काल नंबर 0092232217788173 से काल आई। फोन पर आकाश वर्मा नाम के व्यक्ति ने उनसे बात की। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति ने कहा कि आप अपने नंबर पर काफी रिचार्ज करवाते हैं, जिसके चलते कंपनी ने एक इनामी योजना चलाई थी। योजना में उनका मोबाइल नंबर भी शामिल है, जिसे ईनाम के लिए चुना गया है।
व्यक्ति ने उनसे कहा कि उनका 10 लाख रुपए का ईनाम निकला है और कु छ कार्यालय कार्यवाही के लिए आपको कुछ पैसे 20091043641 या 20091044500 एकाऊंट नंबराें में डालने पडे़ंगे। मनोज और किरण को इनकम टैक्स से बात गुप्त रखने को कहा गया। एक नामी कंपन्नी के नाम के चलते दोनों पति-पत्नी झूठे जाल में फंस गए। दोनों ने उनके खाता संख्या 20091043641 में 8300 रुपए जमा करवा दिए। यह खाता मामुन मियाक्स के नाम से है। दोनों ने भारतीय स्टेट बैंक में इस खाते में पैसे जमा करवाए थे। काफी दिनों बाद कंपन्नी का फोन आया और उन्हें बताया गया कि कंपन्नी की कुछ कार्रवाई शेष रह गई है। इसके लिए 15 हजार रुपए और जमा करवाने होंगे। इससे उन्हें शक हुआ। बाद में उन्हें पता चला कि वह ठगी के शिकार हो गए हैं।
कंपनी के रीजनल मैनेजर विकास कुमार ने बताया कि कुछ लोग नामी कंपनियों के नाम से ठगी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कोई भी काल आता है तो वह कंपनी में आकर उन नंबरों की जानकारी लेकर ही अगली कार्रवाई अमल में लाएं।
पुलिस अधीक्षक मधु सूदन ने जिला वासियों से आग्रह किया लोग ऐसे किसी झांसे में न आएं और कोई फोन काल आती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।