राठ (हमीरपुर)। कुर्रा रोड स्थित शिवम पैलेस में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी सगीर की दो पुत्रियों की गुरुवार की रात कुर्रा रोड स्थित शिवम पैलेस में शादी थी। बारात महोबा के पनवाड़ी कस्बे से आईं थी। कइयम निवासी कसाई मंडी के लड़के अतिउल का निकाह रात करीब 11 बजे संपन्न हो गया। इसके बाद रात करीब 1 बजे ढिल्लू पहलवान के पुत्र निजामी का निकाह होना था। निजामी की बारात पैलेस के बाहर पहुंची। पैलेस के बाहर खडे़ लड़की पक्ष के लोग बारात की खातिरदारी करने लगे। फरसौलियाना मोहल्ले का रफीक कुरैशी पुत्र रमजान भी स्वागत समारोह में खड़ा था। बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग होने लगी। एक गोली रफीक पुत्र रमजान के सीने में जा धंसी। रफीक लहूलुहान होकर गिर पडा। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन रफीक को अस्पताल ले जाया गया। डा. मानसिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी फातमा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।