सरीला (हमीरपुर)। नगर के हटवारा मोहल्ला में रविदास धर्मशाला के पास मूर्ति विसर्जन की तैयारी के मौके पर आयोजित रतजगे की सुरक्षा में लगे चौकी प्रभारी पर अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर प्रहार कर मरणासन्न कर दिया। दारोगा के हमराही ने हमलावर पर डंडे बरसाए, मगर वह भागने में सफल रहा। हमले का कारण उजागर नहीं हो सका है। दरोगा की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर ले जाया गया है। हमराही की तहरीर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
नवरात्र पर कसबे के हटवारा मोहल्ला में रविदास धर्मशाला के सामने देवी प्रतिमा स्थापित की गई। शुक्रवार की शाम देवी प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले नगर भ्रमण कराया गया था। यहां की कमेटी ने नगर भ्रमण के बाद देवी प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए धर्मशाला के पास ही ट्रैक्टर ट्राली रखकर खड़ा कर दिया था और इसी स्थान पर रतजगे का आयोजन किया गया था। सीडी लगाकर रामायण दिखाई जा रही थी। जिसे देखने के लिए दो सौ से अधिक लोग मौजूद थे। यहां की सुरक्षा में चौकी प्रभारी एसके त्रिपाठी अपने हमराही रवि के साथ तैनात थे। दारोगा कुर्सी पर बैठे थे जबकि हमराही कुछ दूरी पर खड़ा था। रात करीब 12 बजे अज्ञात हमलावर ने दरोगा पर प्राणघातक हमला बोलते हुए कुल्हाड़ी से गर्दन पर दो वार कर दिए। इस हमले से दारोगा खून से लथपथ होकर गिर गए। हमलावर कुल्हाड़ी व अपनी चप्पलें छोड़कर भागने लगा, इसी बीच भगदड़ मच गई। सिपाही रवि ने हमलावर का पीछा करते हुए डंडे भी मारे। लेकिन वह हमलावर को पकड़ नहीं सका। घटना की सूचना पर सीओ व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घायल दारोगा को इलाज के लिए सीएससी ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर हमीरपुर रिफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी इलाज के बाद दारोगा की हालत में सुधार न होने पर उसे कानपुर रिफर कर दिया गया। घटना के बाद से कसबे में दहशत का माहौल है। थानाध्यक्ष रामपाल ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।