मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के खंडेह गांव में सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी आग से जल गई। उसकी अस्पताल लाते कुछ देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस समय से न पहुंचने व चिकित्सकाें द्वारा तत्काल उपचार न करने का आरोप लगाया है। वहीं यहां के अकौना रेलवे स्टेशन में ट्रेन से गिरा एक अज्ञात व्यक्ति की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खंडेह गांव में मुन्ना ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी माया बीती रात 8 बजे खाना बनाते बुरी तरह जल गई थी। रात में ही 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया गया। लेकिन वह एक घंटे बाद भी नही पहुंची। इससे वह गांव से 15 किमी आटो से अस्पताल आए। यहां भी तत्काल उसका उपचार नही शुरू किया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉ. अनिल सचान ने बताया कि एंबुलेंस पहुंची या नहीं पहुंची। यह उनका विषय नहीं है। हो सकता है कि एंबुलेंस किसी अन्य मरीज को लेने गई हो। लेकिन जिस समय यह युवती अस्पताल आई। वह 90 प्रतिशत से अधिक झुलसी थी। उसे आसानी से इंजेक्शन व वीको भी नहीं लगाया जा सकता था। लेकिन फिर भी उसका इलाज शुरू किया गया और उसे सदर अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। उधर कानपुर बांदा रेलवे लाइन के अकौना स्टेशन में एक अधेड़ ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। जिसे मंगलवार को सुबह रेलवे की सूचना पर 108 नंबर एंबुलेंस अस्पताल लेकर आई। जिस समय वह अस्पताल आया। उसकी अंतिम सांसे चल रहीं थीं। उसका इलाज तो शुरू हुआ। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तक मरने वाले की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।