हमीरपुर। परिवार के साथ जा रहे नायब सूबेदार की बोलेरो गाड़ी में बस स्टैंड पर परिवहन निगम की बस ने टक्कर मार दी। जब सूबेदार ने गाड़ी के नुकसान भरने की बात की तो चालक व परिचालकों ने मिलकर उनके साथ अभद्रता करने के साथ मारपीट की। नायब सूबेदार ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मौदहा निवासी नायब सूबेदार लल्लन मिश्रा ने बताया कि वह परिवार के साथ बोलेरो गाड़ी से कदौरा जा रहे थे। वह बस स्टैंड के पास खड़े तभी परिवहन निगम की एक बस ने बोलेरो में टक्कर मार दी। उन्होंने गाड़ी से उतरकर बस चालक से बोलेरो क्षतिग्रस्त होने की बात कही। इस पर दोनों के बीच कहा-सुनी होने लगी और चालक अभद्रता करने लगा। इसके साथ ही अन्य चालक व परिचालक वहां आ गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। जब उसका परिवार बचाने आया तो उन पर भी हमला कर दिया। इस पर अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। पीड़ित सूबेदार ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर बस चालक का आरोप है कि सूबेदार उसके साथ अभद्रता कर रहा था। इस बीच बस चालकों ने बस स्टैंड में चालकों ने बसो को आड़ा तिरछा खड़ा कर दिया।