हमीरपुर। किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन देकर राज्यपाल को संबोधित 31 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को दिया। समस्याओं के निस्तारण न होने पर 21 दिसंबर से अनिश्चित कालीन धरना की चेतावनी दी है।
भाकियू जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह राजपूत की अगुवाई में शिवसिंह भदौरिया, अरविंद कुमार, बालेंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह, सुनील कुमार द्विवेदी, महेश कुमार तिवारी, भानू प्रताप सिंह यादव, अनिल कुमार पाठक, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी आदि किसानों ने गोल चबूतरे में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर किसानों ने संपूर्ण कर्ज माफी, किसान आयोग बनाने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, नए कनेक्शन व ट्रांसफारमर तत्काल मुहैया कराने, खराब नलकूपों को शीघ्र ठीक कराने, नहराें के फुल गेज से चलाने, तार फै सिंग योजना लागू करने, अन्ना पशु प्रथा और राजस्व वसूली रोेकने सहित अन्य मांगे रखी है। यूनियन ने सरीला में 132 केवीए पावर हाउस बनाने, हर माह की 23 तारीख को होने वाली किसान गोष्ठी को फिर से शुरू कराने, कलेक्ट्रेट परिसर छाया बनवाने की भी मांग की। किसानों ने एक माह के अंदर समस्याओं के निस्तारण न करने पर 21 दिसंबर से अनिश्चित कालीन धरना देने की चेतावनी दी गई। यूनियन ने राज्यपाल को संबोधित 31 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा।