त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहले चरण क ा मतदान शुक्रवार को राठ और मुस्करा ब्लॉकों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। राठ ब्लॉक में जहां 72.11 फीसदी मतदान हुआ वहीं मुस्करा में 63.11 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह डीडीसी और बीडीसी के 794 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया।
शुक्रवार सुबह बेहद धीमी गति से मतदान शुरू हुआ। सुबह 10:30 बजे तक चिकसोनी के मतदान केंद्र पर 337 में मात्र 35 लोगों ने ही वोट डाला। वहीं कैमोखर में 11 बजे तक 89 वोट पड़े। जबकि इस बूथ पर 435 मतदाता हैं। महेरा में प्राथमिक स्कूल के बूथ में तैनात पीठासीन द्वितीय अधिकारी की गुरुवार रात हालत खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सुबह 10 बजे तक इनके स्थान पर किसी की तैनाती नहीं हो सकी।
बांधुरखुर्द पोलिंग में सवा आठ बजे तक 23 मत पड़े। उमरी गांव पहुंचे प्रेक्षक पीएन दुबे ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सीओ को चुनाव संबंधी दिशा निर्देश दिए। गहरौली प्रतिनिधि के अनुसार गांव में 54.5 प्रतिशत मतदान हुआ। बूथ नंबर 11 पर महज 41 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 12 बजे तक मतदान की गति धीमी रही। इसके बाद लोगों की भीड़ बढ़ी। डीएम संध्या तिवारी ने भ्रमण के दौरान माया दीक्षित के एक वाहन को थाने में खड़ा करवा दिया।
11 नंबर बूथ पर बीडीसी प्रत्याशी बिभू गुरुदेव ने चुनाव आयोग से फर्जी मतदान की आशंका के मद्देनजर शिकायत की थी। जिसके चलते एक सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्पेशल फोर्स 2 बजे से मतदान केंद्र में तैनात रहा। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। राठ की 47 बीडीसी सीटों पर हुए चुनाव में 224 प्रत्याशियों, मुस्करा की 68 बीडीसी सीटों में चुनाव लड़ रहे 475 प्रत्याशियों और दोनों ब्लाकों में जिला पंचायत की पांच सीटों में चुनाव लड़ रहे 95 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।