अमर उजाला ब्यूरो
नादौन(हमीरपुर)। उद्यान विभाग ने बरसात के मौसम में पौधा वितरण अभियान शुरू कर दिया है। विभाग के नादौन कार्यालय ने बरसात के मौसम में 15 हजार पौधे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बरसात के मौसम में विभाग विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, फलदार और इमारती लकड़ी के पौधे वितरित किए जाएंगे।
उद्यान प्रसार अधिकारी नादौन निशा कुमारी ने कहा कि बागवान अब उनके रंगस, हड़ेटा और नादौन सर्कलों से नींबू, आम, लीची, संतरा, मौसमी, किन्नू, पपीता, कटहल, आंबला आदि की पौध सरकारी रेट पर खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी रेट पर नींबू का पौधा 15 रुपये, आम 40 रुपये, लीची 40 रुपये, संतरा, मौसमी, किन्नू के पौधे 35 रुपये प्रति पौधा, पपीता 35 रुपये, कटहल 20 रुपये और आंबला का पौधा 50 रुपये में खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में 15 हजार पौधों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से एक हजार पौधे वितरित किए जा चुके हैं। पौधों को वितरित करने के लिए स्कूलों और पंचायतों की मदद भी ली जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे लाइसेंस प्राप्त दुकान से ही पौधे खरीदे। यदि कोई बिना लाइसेंस पौधे बेच रहा है तो इसकी शिकायत तुरंत नादौन कार्यालय में दें। उद्यान प्रसार अधिकारी नादौन निशा कुमारी का कहना है कि बिना लाइसेंस पौधे बेचने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।