अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं विक्रमादित्य के राजनीतिक सलाहकार अभिषेक राणा को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेवारी सौंपी गई है। मंगलवार को बचत भवन हमीरपुर में आयोजित यूथ कांग्रेस के सम्मेलन में प्रदेश युकां प्रभारी वीरदेवेंद्र सिंह सिद्धू ने उनके नाम की घोषणा की। सिद्धू ने कहा कि जिस तरह अभिषेक ने प्रदेश सचिव के पद पर रहकर बेहतर काम किया है, उसी तरह वह आने वाले समय में बतौर प्रदेश प्रवक्ता पार्टी व संगठन हित में अच्छा कार्य करेंगे।
सिद्धू ने कहा कि धूमल इस बार किसी भी सूरत में मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान बिलासपुर जिले के एक नेता को मुख्यमंत्री बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक रहे लेकिन उन्होंने हमीरपुर के किसी भी नौजवान को आगे नहीं बढ़ने दिया। वहीं कांग्रेस ने अभिषेक राणा को प्रवक्ता बनाकर साबित कर दिया है कि उनकी पार्टी सबका एक समान विकास की विचारधारा रखती है। इस मौके पर युकां महासचिव अंशुल शर्मा, कांग्रेस शहरी इकाई के अध्यक्ष मनोज शर्मा, लेखराज शर्मा, अभिनंदन ठाकुर और शुभम समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
झूठी घोषणाएं करते हैं मोदी : अभिषेक राणा
अभिषेक राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले सुजानपुर के चौगान में नरेंद्र मोदी ने 100 दिन के भीतर विदेशों में जमा काला धन देश में लाने और देश के प्रत्येक नागरिक के खाते में 10 से 15 लाख रुपये जमा करवाने की घोषणा की थी। यह कोरी घोषणा साबित हुई है। देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री गर्मी के मौसम के बावजूद हिमाचली टोपी पहनकर विदेशों में घूम रहे हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही सरकार : राजेंद्र राणा
आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। विपक्षी दलों पर जबरन झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं। इसी तरह बीते वर्ष केंद्र सरकार के इशारे पर सीबीआई और ईडी ने बेटी की शादी के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर पर कार्रवाई की थी। जिससे प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है।
सचिवालय की गाड़ी में आए विक्रमादित्य
हमीरपुर में आयोजित यूथ कांग्रेस के सम्मेलन में आने के लिए युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश सचिवालय की सरकारी गाड़ी का प्रयोग किया। इस पर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने कहा कि निजी कार्यों के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युकां अध्यक्ष कोई संवैधानिक पद नहीं, बावजूद उन्हें सरकारी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। लेकिन प्रदेश में ऊंचे पदों पर बैठे प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई करने से डर रहे हैं।