हमीरपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जारी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची को लेकर बखेड़ा शुरू हो गया है। चार दिन में विभागीय कार्यालय में 25 आपत्तियां आई हैं। अधिकांश आपत्तियों में विद्यार्थियों के सेंटर मानक से अधिक दूरी पर बनाए जाने की दलील दी गई है। इसके अलावा आठ आपत्तियों में केंद्र बनाए जाने व चार में केंद्र न बनाए जाने की मांग की गई हैं।
जिले में इस बार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में पंजीकृत 28,852 विद्यार्थियों के लिए 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 13 सहायता प्राप्त और 16 वित्तविहीन और नौ राजकीय विद्यालय शामिल हैं। चार दिनों में कुल माध्यमिक शिक्षा कार्यालय में 25 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें जिन विद्यालयों के सेंटर अधिक दूर हैं, उनकी 13 आपत्तियां आई हैं। आपत्तियों में परीक्षा केंद्रों की दूरी 50 किलोमीटर से अधिक बताई गई है, जो मानक के बिलकुल विपरीत है। कार्यालय में आपत्ति लेकर आए शिक्षक ने बताया कि उनके विद्यालय का सेंटर 50 किमी से अधिक दूरी पर स्थित है। जबकि बालिकाओं के लिए हाईस्कूल में तीन किमी और इंटरमीडिएट में अधिकतम पांच किमी दूरी पर ही सेंटर होना चाहिए।
कहा कि यह आपत्ति गोपनीय स्तर पर की जाती है। इसके अलावा आठ आपत्तियां ऐसी हैं, जिन पर नए केंद्र बनाए जाने की मांग की गई है। इसके अलावा चार आपत्तियां ऐसी आई हैं, जिनमें इन विद्यालयों को केंद्र न बनाए जाने की मांग की गई है।
परिषद की ओर से केंद्रों की सूची जारी करने के बाद 4 दिसंबर तक जिले स्तर से आपत्तियां मांगी गई थी। ताकि यदि कोई त्रुटि हो तो उसे समय रहते संशोधित कर ली जाए। 11 दिसंबर तक डीएम की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति सभी आपत्तियों का निस्तारण करेगी। इसके बाद रिपोर्ट परिषद को भेज दी जाएगी। जिला स्तरीय समिति के रिपोर्ट में यदि कुछ गड़बड़ी सामने आई तो परिषद परीक्षा केंद्रों में कुछ फेरबदल करके अंतिम सूची जारी करेगा। - महेश कुमार गुप्ता, डीआईओएस।