अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में तीन दिन से पेयजल की सप्लाई न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा में सार्वजनिक स्थलों पर पीने के पानी को लगाई गई टंकियां भी खाली पड़ी हुई हैं। जिस कारण बाहर से आने वाले लोगों को भी स्थानीय लोगों जैसे ही पेयजल के लिए ठोकरें खाने को मजबूर होना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों ने पानी की सप्लाई न होने का मुख्य कारण बिजली की आपूर्ति पेयजल योजना के लिए नहीं होना बताया है। अधिकारियों के अनुसार तीन दिन पहले आई तेज आंधी से प्लाही गांव के पास बिजली सप्लाई की तारें टूट गई। प्लाही पेयजल योजना से ही कस्बा में पानी की सप्लाई की जाती है। बिजली न होने के कारण मोटरें नहीं चल रही हैं। जिस कारण पेयजल सप्लाई ठप है।
ब्यास नदी के आर-पार बिजली तारें टूट जाने और नदी में जलस्तर बढ़ जाने के कारण विभागीय कर्मियों को भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा में पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोग प्राकृतिक जल स्रोतों का सहारा लेने को मजबूर हैं। लोगों ने बिजली विभाग व आईपीएच विभाग से समस्या के जल्द समाधान की मांग उठाई है। उधर, बिजली विभाग के सहायक अभियंता बलदेव चंद का कहना है कि तीन दिन पहले आए तूफान के कारण बिजली तारें टूट गई थी। जिस कारण विभाग को दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।