मां भैंस का दूध निकालने गई थी, आंगन में खेलते समय टंकी में गिरी बच्ची
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कुरारा थाना क्षेत्र के बेरी गांव में शुक्रवार शाम पानी से भरी स्टील की टंकी में डूबने से 18 माह की बच्ची की मौत हो गई। मां भैंस का दूध निकालने गई थी। इसी दौरान आंगन में खेलते समय बच्ची पानी से भरी छोटी टंकी में मुंह के बल गिर गई। कुछ देर बाद बच्ची के दिखाई न देने पर मां ने तलाश की तो वह टंकी में पड़ी मिली। परिजन बच्ची को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बेरी गांव निवासी किशन निषाद ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी 18 माह की पुत्री घर के आंगन में खेल रही थी। उसकी मां यशोदा पास में भैंस का दूध निकालने गई थी। आंगन में करीब 15 लीटर क्षमता की स्टील की छोटी टंकी रखी थी, जिसमें पानी भरा हुआ था। खेलते समय बच्ची टंकी में मुंह के बल गिर गई। मां पास में दूध निकाल रही थी, इसलिए उसे घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
दूध निकालने के बाद यशोदा बखरी की ओर गई तो बच्ची वहां दिखाई नहीं दी। इसके बाद तलाश की गई तो बच्ची पानी से भरी टंकी में मिली। परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के बाबा देशराज उसे अस्पताल लेकर गए थे।
मृत बच्ची के पिता गुजरात में काम करते हैं। परिवार में बच्ची के अलावा उसका चार वर्षीय भाई आनंद बाबू है। बच्ची की मौत से मां यशोदा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम नहीं कराया।