हमीरपुर। विधानसभा चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने पूरा दमखम दिखाया। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों ने रोड शो भी किया। पूर्व विधायक अशोक चंदेल की पत्नी राजकुमारी व्हीलचेयर से नामांकन कराने पहुंची। वहीं भाजपा प्रत्याशी डा. मनोज कुमार प्रजापति अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने आए। आप, बसपा, सपा के अलावा अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। सदर विधानसभा में कुल 17 प्रत्याशियों ने व राठ विधानसभा में दस प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। दोनों विधानसभाओं में कुल 27 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
सदर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डा. मनोज कुमार प्रजापति, बसपा प्रत्याशी रामफूल निषाद, कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी सिंह चंदेल, सपा प्रत्याशी रामप्रकाश प्रजापति, आम आदमी पार्टी से राजेश कुमार बाजपेयी, जन अधिकार पार्टी से विजय द्विवेदी, देश शक्ति पार्टी से राजेंद्र कुमार, प्रगतिशील समाज पार्टी से सुरेश कुमार, राममिलन, नरेंद्र कुमार, लल्लू प्रसाद, इबाद उल्ला व श्रीपाल गुप्ता ने निर्दलीय नामांकन पत्र जमा किए। वहीं राठ से बसपा प्रत्याशी प्रसन्न भूषण, कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश कुमार श्रीवास, आप प्रत्याशी प्रमोद कुमार, बहुजन मुक्ति पार्टी प्रत्याशी मातादीन, सपा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा, अनीता अनुरागी निर्दलीय ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
दिन भर जाम से जूझा विद्या मंदिर रोड
नामांकन का आखिरी दिन होने के चलते मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्ग दिन भर जाम से जूझते रहे। पुलिस ने महिला कालेज बैरियर, पेट्रोल पंप पर लगे बैरियर व आकिल तिराहा पर लगाए गए बैरियर से दो पहिया से लेकर रिक्शा व चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। शहर के आम जन को आने जाने के लिए आकिल तिराहा से विद्यामंदिर होते हुए रमेड़ी छंगा तिराहा से पीएनबी वाले मार्ग को खोल रखा था। यह मार्ग संकरा होने के चलते लोगों को घंटों समय बर्बाद कर अपने गंतव्य को जा सके। पुलिस ने इस रूट का पहले निर्धारण नहीं किया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नामांकन करने जाते राठ कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश श्रीवास।- फोटो : HAMIRPUR
नामांकन कर वापस निकलती व्हील चेयर कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी चंदेल दोनो बेटों के साथ।- फोटो : HAMIRPUR
नामांकन करने जाते भाजपा पत्याशी डा.मनोज प्रजापति।- फोटो : HAMIRPUR