फोटो03एचएएमपी 14- कबड्डी के ट्रायल में प्रदर्शन करते खिलाड़ी। स्रोत: खेल विभाग
-राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी का जिला स्तरीय ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को कबड्डी के सब जूनियर बालक वर्ग के जिला स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने हुनर दिखाया। रेडर ने विपक्षी पाले में प्रवेश कर अंक बटोरने की कोशिश की। वहीं डिफेंडरों ने पकड़ बनाकर उसे रोकने की चुनौती दी। बेहतर तालमेल, फुर्ती और खेल कौशल के आधार पर 10 मुख्य और दो अतिरिक्त खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए किया गया।
जिला उपक्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता सात से नाै अक्तूबर तक आजमगढ़ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। शनिवार को जिला स्तरीय ट्रायल कराया गया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने रेड डालते समय विपक्षी खिलाड़ियों को छकाने, बोनस अंक हासिल करने और सुरक्षित वापस लौटने के प्रयास किए। वहीं डिफेंस में खिलाड़ियों ने एंकल होल्ड, थाई होल्ड और सामूहिक पकड़ के जरिये रेडर को रोकने की कोशिश की।
खिलाड़ियों का प्रदर्शन और उनकी क्षमता के आधार पर चयन किया गया। इसमें अंकुश राजपूत, धर्मेश राजपूत, अनमोल, पंकज, रजनीश कुमार, प्रवेश, अवनीश, सौरभ, शिवम और वीर यादव मुख्य खिलाड़ियों में शामिल हैं। इनके अलावा अरविंद और राजा मनु को अतिरिक्त खिलाड़ी चुना गया है। अब चयनित खिलाड़ी पांच अक्तूबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम चित्रकूट में मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में दमखम दिखाएंगे। मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आजमगढ़ में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का रास्ता खुलेगा।