राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुछेछा व राजकीय महिला महाविद्यालय में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान 12 निर्वाचन कर्मियों के अनुपस्थित रहने पर सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए हैं। आगामी 23 फरवरी को दोनों विधानसभाओं के लिए होने वाले
निर्वाचन में लगे कर्मियों को प्रशिक्षण दिए जाने का कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी मोहम्मद इशहाक, मतदान अधिकारी प्रथम सुधीर कुमार, अखिल कुमार, वंशलाल, पीओआई रामकिशोर, प्रशांत रिझारिया, अंजनी
कटियार, पीआर घनश्याम त्रिपाठी व सतीशचंद्र दोनों पालियों के प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहे। इसी प्रकार डिग्री कालेज कुछेछा आयोजित प्रशिक्षण में सहायक अध्यापक पूर्व मा.ममना भूवनेंद्र अरजरिया व रहटिया के सहा.अध्यापक उदय प्रताप तथा पीठासीन अधिकारी राधेश्याम दोनों पालियों के
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने कहा कि जिन कर्मचारियों की निर्वाचन में ड्यूटी लगाई गई है। वह अपने दायित्वों का निर्वाहन करें। बताया कि सोमवार को हुए प्रशिक्षण में 12 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। जिस पर सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षण अधिकारी को दिए है।