हमीरपुर। अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की बीमारियों का विवरण ऑनलाइन दर्ज होगा। गुरुवार को एएनएम को प्रशिक्षित कर टैबलेट बांटे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशिक्षित एएनएम मरीजों के बारे में टैबलेट में संपूर्ण जानकारियां रखेंगी।
जिले में 214 उपकेंद्र हैं। जिसमें 151 एएनएम काम रही हैं। इसमें 89 संविदा पर हैं जबकि शेष नियमित हैं। एएनएम को अपने अपने क्षेत्र के मरीजों की ऑनलाइन स्वास्थ्य विवरण बनानी होगी। ताकि मरीजों को उपचार करने में आसानी हो सके और गंभीर मरीजों का समय-समय पर फालोअप भी किया जा सके।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंधक सुरेंद्र साहू ने बताया शासन ने टैबलेट दिए हैं। एएनएम को प्रशिक्षित किया जाना है। वह क्षेत्र में शुगर, ब्लड प्रेशर, मानसिक रोग, तंबाकू जनित रोग और हृदय संबंधी जैसे गैर संचारी रोगों के मरीजों का पूरा विवरण टैबलेट में रखेंगी। कहा इसमें सिर्फ विभागीय काम ही हो सकेंगे।
टैबलेट में सिम डालकर काम करना है। कहा एनसीडी एप के बारे में प्रशिक्षण देने की शुरुआत कर दी गई है। गुरुवार को टीबी क्लीनिक सभागार में कुरारा ब्लाक की 29 एएनएम को एनसीडी एप युक्त टैबलेट बांटे गए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीएन गोयल ने इसकी खूबियां भी बताईं।
कहा 17 मई को सुमेरपुर, 21 को मौदहा, 23 को गोहांड, 24 को सरीला, 27 को मुस्करा और 28 मई को नौरंगा शहरी व राठ ब्लॉक की एएनएम को टैबलेट वितरण के साथ प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मौके पर डीसीपीएम मंजरी गुप्ता, आरबीएसके के डीईआईसी मैनेजर गौरीश पाल व अन्य मौजूद रहे।
जिले के उपकेंद्रों में कार्यरत एएनएम को प्रशिक्षित कर दिए जा रहे टैबलेट
अमर उजाला ब्यूरो