हमीरपुर। जिला में 84 पदों को भरने के लिए पुलिस भर्ती प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू होगी। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड्ड़ू के खेल मैदान में भर्ती रैली का आयोजन तहसील स्तर पर किया जाएगा।
पुरुष कांस्टेबल के 52 पदों, पुरुष वाहन चालक के 7 और महिला वाहन चालक के 13 पदों के अतिरिक्त वर्ष 2015 और 2016 में खाली पदों की भर्ती के लिए लेफ्ट आउट 12 पदों में 6 पुरुष कांस्टेबल, चार पुरुष वाहन चालक और 2 महिला वाहन चालक के पदों को भरा जाएगा।
जिला हमीरपुर के अंतर्गत बड़सर तहसील के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता 12 सितंबर को सुबह 6 बजे से शुरू होगी। वहीं, टौणीदेवी और भोरंज तहसील के पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती 13 सितंबर, हमीरपुर और सुजानपुर के अभ्यर्थियों की भर्ती 14 सितंबर और नादौन तहसील के उम्मीदवारों की 15 सितंबर को होगी। वहीं, टौणीदेवी, सुजानपुर, हमीरपुर और बड़सर तहसील की महिला अभ्यर्थियों, पुरुष ड्राइवरों और गृहरक्षक अभ्यर्थियों की भर्ती 16 सितंबर को होगी। इसके अलावा भोरंज, नादौन तहसील के पुरुष ड्राइवर, गृहरक्षक पुरुष और महिला, स्पोर्ट्स पर्सन अभ्यर्थियों की भर्ती 17 सितंबर को होगी। उधर, एसपी रमन कुमार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया 12 से 17 सितंबर तक बड्ड़ू में आयोजित होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से सुबह छह बजे भर्ती मैदान में पहुंचने की अपील की है।