मौदहा। सरस्वती विद्यापीठ महिला महाविद्यालय में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से छात्राओं के रक्त की जांच कर उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में करीब 50 छात्राओं का रक्त परीक्षण हुआ। 10 छात्राओं ने रक्तदान का संकल्प लेकर पंजीकरण कराया। कहा कि दूसरों की जान बचाने के लिए वह आगे रहेंगी।
रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य अनिल द्विवेदी ने कहा कि एक व्यक्ति के रक्तदान से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसलिए लोगों को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रेडक्रॉस सचिव मनीष शुक्ला ने संस्था के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस बिना भेदभाव आपदा के समय राहत और बचाव कार्य में सहयोग करता है। इस दौरान कैलाश दीक्षित, अनंत प्रताप सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, सिद्धार्थ तिवारी, नीतू सिंह, भगवानदास समेत महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।