विशुनपुरा क्षेत्र के ठाढीभार गांव में गुरुवार की रात आपत्तिजनक हाल में देख कर पकड़ने की कोशिश के दौरान बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर को धक्का दे दिया और गिरकर चोट लगने की वजह से ससुर की मौत हो गई। बाद में शोर सुनकर जुटे लोगों ने बहू और उसके प्रेमी को पकड़ कर पिटाई की और गमछे से हाथ-पैर बांध दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।
ठाढ़ीभार गांव निवासी 32 वर्षीय अफसाना खातून पांच बच्चों की मां है। उसका गांव के ही 22 वर्षीय चंचल यादव नामक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। गुरुवार की रात अफसाना से मिलने प्रेमी चंचल यादव उसके कमरे में आया था। उसी दौरान 50 वर्षीय ससुर आस मोहम्मद ने बहू को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में देख कर आपा खो दिया।
ससुर ने प्रेमी युवक को पकड़ने की कोशिश की तो दोनों ने मिलकर उसे धक्का देकर गिरा दिया। गिरने से चोट लगी और ससुर आस मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में परिजनों ने गांव वालों की मदद से दोनों को पकड़ कर पीटा और गमछे से हाथ पैर बांध दिया। बाद में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस बहू और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पीड़ित सास तैरुननिशा ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर करवाई की मांग की।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पीड़ित पत्नी की तहरीर के आधार पर उसकी बहू अफसाना और प्रेमी चंचल यादव पर गैर इरातन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।