ओवरहेड टैंक का पाइप फटने से घरों मे घुसा पानी निकालते लोग।
- फोटो : rajesh kumar
तारामंडल क्षेत्र में मंगलवार को रुस्तमपुर वार्ड के सिद्धार्थनगर कॉलोनी में ओवरहेड का पाइप फट जाने से लोगों के घरों में पानी घुस गया। मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत जलकल अधिकारियों से की। मगर देर शाम तक जब जलकल विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो लोगों ने खुद ही घरों से पानी निकालना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि पाइप जर्जर हो चुका था। शिकायत के बाद भी उसे नहीं बदला जा रहा था।
रुस्तमपुर वार्ड के सिद्धार्थनगर कॉलोनी मेें मंगलवार शाम 5:30 बजे पानी के ओवरहेड का पाइप फट गया। इसकी वजह से तकरीबन आधा दर्जन घरों ने पानी घुस गया। लोग बिना बरसात के घरों में पानी घुसने पर हैरान रह गए। तत्काल इसकी सूचना जलकल विभाग के अधिकारियों को दी गई। लेकिन सूचना देने के बाद भी जलकल का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद लोगों ने खुद ही बाल्टी से पानी निकालना शुरू कर दिया। इस संबंध में जलकल के सहायक अभियंता राम कैलाश ने बताया कि पाइप फटने की सूचना काफी देर से मिली। बुधवार को इसे ठीक करा लिया जाएगा। देर रात जलकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे लेकिन रात होने से पाइप को ठीक नहीं किया जा सका।
जर्जर हो चुका है पाइप
ओवरहेड का पाइप जर्जर हो चुका था, जिसकी वजह से वह फट गया। हालांकि जलकल को पहले ही इसकी जानकारी दी गई थी। लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
- अजय मल्ल
सूचना पर भी नहीं पहुंचा कोई
पाइप फटने की सूचना तत्काल जलकल अधिकारियों को दी गई थी। लेकिन सूचना देने के बाद भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
- विनय राय
बसंतपुर में 15 दिनों से पानी का संकट
बसंतपुर इलाके में 15 दिनों से तकरीबन 300 परिवार पानी के संकट से जूझ रहे हैं। पानी के लिए परेशान लोगों ने मंगलवार को पार्षद का घेराव किया। पार्षद ने जेई से बात की तो उन्होंने राहत देने से साफ इन्कार कर दिया। बता दें कि बसंतपुर और आसपास के क्षेत्रों की जलापूर्ति लालडिग्गी पार्क में लगे मिनी ट्यूबवेल से होती है। पिछले एक पखवाड़े से बसंतपुर खास, मछली मंडी, मदरसा रोड, कुम्हार टोले में जलापूर्ति ठप है। मंगलवार को नाराज लोगों ने स्थानीय पार्षद बृजेंद्र अग्रहरि का घेराव किया। नागरिकों के सामने ही पार्षद ने जेई अष्टभुजा सिंह ने बात की। पार्षद का कहना है कि जेई ने जलापूर्ति ठीक कराने से साफ इन्कार कर दिया। नागरिक बुधवार को पार्षद के नेतृत्व में नगर आयुक्त से मुलाकात करेंगे।