खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के लंगड़ी विशुनपुरा गांव में बिजली गिरने से चपेट में आए 30 वर्षीय विजय कुमार झुलस गए। जबकि उसी गांव की 28 वर्षीय सुमन देवी, 50 वर्षीय लोरिक और दो वर्षीय रागिनी भी बिजली की चपेट में आने से झुलस गई। गंभीर रुप से झुलसे विजय को लोग सीएचसी तुर्कहा ले गए।
इसी तरह हनुमानगंज क्षेत्र के बुलहवा गांव के टोला पथलहवा में अपने बहन के घर आई हरिहरपुर गांव निवासी 16 वर्षीय निर्मला भी बिजली गिरने से चपेट में आकर झुलस गई। वहीं मौके पर मौजूद रिश्तेदार 18 वर्षीय कृष्णा भी झुलस गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमा गुप्ता व अन्य ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खड्डा पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर यूएस नायक ने बताया कि दोनों मरीज मरीज खतरे से बाहर हैं। उनका उपचार चल रहा है।
पिपरा कनक प्रतिनिधि के अनुसार पटहेरवा क्षेत्र के गांव हरपुर बेलही निवासी 32 वर्षीय सिकेंद्र कुशवाहा पुत्र फौजदार कुशवाहा गांव के पश्चिम ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। उसी दौरान बिजली गिरने से चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद परिजन और गांव के तमाम लोग पहुंच गए। परिजन आनन- फानन में झुलसे युवक को सीएचसी फाजिलनगर ले गए,जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पकड़ियार बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेढी के दोकरी टोला निवासी 25 वर्षीय गुलबदन शुक्रवार को बारिश के दौरान घर जा रहे थे। उसी दौरान बिजली गिरने से चपेट में आ गए। घटना के बाद जुटे लोग घायल को नौरंगिया के एक निजी अस्पताल में ले गए।
कोटवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी 30 वर्षीय संध्या पत्नी प्रमोद बिजली गिरने से चपेट मे आकर झुलस गई। घटना के बाद परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए और उपचार कराएं।