रेलवे स्टेशन परिसर में अब यात्रियों को पेशाब और शौच के लिए जगह की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही रेलवे स्टेशन पर दो डीलक्स टॉयलेट बनाए जाएंगे। एक जनाहार के सामने और दूसरा एटीएम के पास बनेगा। आधुनिक सुविधाओं वाले इन टॉयलेट को निजी संस्था बनाएगी और पे एंड यूज तर्ज पर शौचालय को संचालित करने का अधिकार भी संस्था के पास रहेगा। इसकी मानीटरिंग रेलवे के अधिकारी करेंगे।
रेलवे स्टेशनों के मूलभूत ढांचे में बदलाव तो हो गया लेकिन बढ़ती भीड़ की जरूरत के हिसाब से शौचालय नहीं बढ़ाए गए। लिहाजा मुसाफिरों को काफी तकलीफ होती है। शौचालय के लिए उन्हें दूर जाना पड़ता है। ऐसे में प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत रेलवे ने निजी संस्थाओं को आमंत्रित करने की पहल शुरू की है।
रेलवे द्वारा तैयार की गई शौचालय की डिजाइन के आधार पर निजी संस्था इनका निर्माण कराएंगी। अलग से कोई जमानत राशि नहीं देना होगा। निर्माण में होने वाले खर्च के एवज में संस्था को ही 10 साल का ठेका दिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन परिसर में डीलक्स टॉयलेट बनाने के लिए निजी संस्था से करार किया गया है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। टॉयलेट बनने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
- संजय यादव, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे