गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर वाईफाई सुविधा 15 दिनों में शुरू हो जाएगी। सेकेंड इंट्री गेट पर डीलक्स टॉयलेट भी जल्द बन जाएगा। क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड से टिकट की बुकिंग भी एनईआर में जल्द शुरू होगी। इसके लिए एसबीआई से करार किया जाएगा।
यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने दी। बुधवार को अपने सभागार में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि छपरा कचहरी स्टेशन पर कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी ने नवीनीकृत स्टेशन भवन का उद्घाटन एवं छपरा जंक्शन स्टेशन पर आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि रेल हमसफर सप्ताह में 246 स्टेशनों व 167 ट्रेनों में अधिकारियों न निरीक्षण किया और साफ.-सफाई की स्थिति देखी। 3700 लोगों से सीधा संपर्क कर सुझाव लिए गए। 569 कैटरिंग यूनिट व मोबाइल स्टाल की जांच हुई और वाराणसी मंडल में अनियमितता मिलने पर 36 हजार रुपये पेनाल्टी लगाई गई। संबंधित निरीक्षकों को चार्जशीट देने की तैयारी है। इसके अलावा 3069 मामले बेटिकट के पकड़े गए और करीब 12.93 लाख रेल राजस्व की वसूली की गई। पूरे एनईआर में 3832 पौधे भी लगाए गए।
इलेक्ट्रिक लोको शेड का शिलान्यास जल्द
महाप्रबंधक ने बताया कि गोरखपुर में स्वीकृत 60 लोको की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक लोको शेड का शिलान्यास जल्द होगा। इसके अलावा सेकेंड इंट्री गेट का उद्घाटन रेलमंत्री सुरेश प्रभु करेंगे। उन्होंने कहा कि द्वितीय प्रवेश द्वार को जल्दी ही खोल दिया जाएगा। चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क 50 रुपये रखा गया है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है।