गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन विभाग की ओर से शहर के एक होटल में ‘पर्यटन विकास की संभावनाएं’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त पी. गुरु प्रसाद ने कहा कि सर्वप्रथम मंडल में जो भी ऐतिहासिक और दर्शनीय पर्यटन स्थल हैं, उन्हें चिह्नित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए सारी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि मंडल में ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके ।
इससे यहां के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले यहां के स्थानीय लोग ही उन पर्यटन स्थलों को देखें जिससे कि वे विश्वासपूर्वक अन्य लोगों को उसके बार में जानकारी दे सकें। इस मौके पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरके रावत, डॉ. हर्ष कुमार सिन्हाच पीके लाहिड़ी, एमपी कन्डोई, प्रो. शिव शंकर वर्मा, जयमल राय ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में पहला कदम संस्था द्वारा बनाई गई ‘गोरखपुर दर्शन एक यात्रा’ नामक लघु वृतचित्र का लोकार्पण भी किया गया। इस मौके पर एसपी सिटी हेमराज मीणा, एसपी ट्रैफ्रिक श्रीप्रकाश द्विवेदी, गौतम गुप्ता आदि मौजूद थे।