बस स्टेशन के सामने ट्रक पलटने के बाद ही कॉलेज रोड पर मऊपाकड़ चौराहा और सक्सेना चौक पर बैरिकेडिंग कर दिया गया जिससे कॉलेज रोड पर आवागमन ठप रहा। पुलिस कर्मी बैरिकेडिंग के पास तैनात रहे। इस बीच लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। नगर चौकी इंचार्ज नीरज राय ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग किया गया है।
ट्रक का शीशा तोड़कर देखे लोग
घटना के बाद पलटे ट्रक का शीशा तोड़कर लोगों ने देखा। लेकिन अंदर कोई नहीं था। लोगों ने बताया कि ट्रक चालक और खलासी दोनों घटना के बाद फरार हो गए। वहीं के दुकानदार विभूति का भी पता नहीं चल रहा है। गिट्टी में कितने लोग दबे हैं, इसकी पुष्टी नहीं हो पा रही है।
ट्रक पलटते आदित्य ने देखा
करमहां गांव के रहने वाले आदित्य प्रताप सिंह ने बस स्टेशन के सामने ट्रक को पलटते हुए देखा। उन्होंने बताया कि स्टेशन के करीब चाय की दुकान से चाय पीकर सीएमओ कार्यालय जा रहा था। अभी बस स्टेशन के गेट के पास पहुंचा कि तेज आवाज हुई जिससे डर गया। पीछे देखा तो ट्रक चाय की दुकान पर पलट गया था। इसके बाद हो हल्ला होने लगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया। दो एंबुलेंस मौके पर लगा दिया गया। साथ ही जिला अस्पताल को अर्लट कर दिया गया।
करीब ढाई घंटे बाद हटा ट्रक
पलटे हुए ट्रक को हटाने के लिए दो क्रेन लगा था। साथ ही दो जेसीवी लगी रही। 1.45 बजे ट्रक पलटा और 4.30 बजे तक क्रेन से उसे हटाया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन गिट्टी को हटाने में कर्मी जुटे रहें।