परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि देतीं पुलिस ।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
पुलिस स्मृति दिवस पर शुक्रवार की सुबह परेड ग्राउंड में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में आईजी, डीआईजी ने शहीद पुलिसकर्मियों के घरवालों को सम्मानित किया। उधर, एसएसबी के सेक्टर मुख्यालय में डीआईजी ने शहीद जवानों की सूची पढ़कर सुनाने के बाद श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
सुबह आठ बजे पारंपरिक ढंग से शहीदों को सलामी देते हुए उनकी कर्तव्य परायणता को याद किया गया। आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि ड्यूटी के दौरान शहीद पुलिस कर्मचारियों के घरवालों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। परिवार को मिलने वाली सुविधाएं सुनिश्चित कराने के साथ पूरे साल उनका ख्याल रखा जाएगा। आईजी ने जिले के दो शहीद पुलिसकर्मी के घरवालों को नकद सहयोग दिया।
कार्यक्रम में डीआईजी शिवसागर सिंह, एसएसपी रामलाल वर्मा मौजूद रहे। उधर, एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद डीआईजी पीएस चुडावत ने 2016 में शहीद हुए जवानों की सूची पढ़कर सुनाई। दो मिनट का मौन रखकर अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सेनानायक डॉ. ममता अग्रवाल, आशीष नथानी, हरपाल सिंह, सहायक प्रचार अधिकारी ओपी साहू मौजूद रहे।