किसान यात्रा पर निकले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बुधवार को शहर में रोड शो होगा। देवरिया में खाट सभा करने के बाद गोरखपुर सीमा में प्रवेश करने पर राहुल का राजीव शुक्ला ने रामपुर 15 मील के पास और कूड़ाघाट में पार्टीजनों ने जोरदार स्वागत किया। विशेष बस में सवार राहुल गांधी ने न सिर्फ लोगों का अभिवादन स्वीकार किया बल्कि कुछ लोगों से हाथ भी मिलाया। सुरक्षा कारणों से रोड शो के लिए पूर्व निर्धारित रूट में तब्दीली की गई है।
मंगलवार को जहां देवरिया में राहुल गांधी खाट सभा हो रही थी वहीं गोरखपुर में कांग्रेसी उनकी आगवानी की तैयारी में जुटे रहे। शाम तकरीबन सात बजे कांग्रेसी रामपुर 15 मील के पास इकट्ठा हुए। यहां डॉ. प्रदीप पांडेय, डॉ. सैयद जमाल, गोरखलाल श्रीवास्तव, मदन कुमार त्रिपाठी, जितेंद्र पांडेय, सतेंद्र पांडेय, देवेंद्र उपाध्याय, अनवर हुसैन आदि कांग्रेसियों ने राहुल गांधी की अगवानी की। इसके बाद राहुल गांधी काफिले की शक्ल में गौतम गुरुंग चौराहा कूड़ाघाट पहुंचे। वहां महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दिलीप कुमार निषाद, हसन, दिलीप पांउेय आदि ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी ने बस के पायदान तक आकर कांग्रेसियों का अभिवादन स्वीकार किया और कुछ से हाथ भी मिलाए। इसके बाद राहुल गांधी विश्राम के लिए सर्किट हाउस पहुंच गए।
रोड शो का रूट बदला, अब बैंक रोड नहीं जाएंगे
शहर के मुख्य बाजारों में अब राहुल गांधी का रोड शो नहीं होगा। रोड शो अब बैंक रोड की ओर नहीं बल्कि टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से सीधे घोष कंपनी जाकर जिला अस्पताल, शास्त्री चौराहा होते हुए अंबेडकर चौराहे पर आकर खत्म होगा। रोड शो की शुरुआत विश्वविद्यालय चौराहे से होगी।
इसके पहले राहुल गांधी सुबह 10 बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाएंगे और इंसेफेलाइटिस मरीजों का हालचाल लेंगे। वहां से लौटने के बाद तकरीबन 10.30 बजे से विश्वविद्यालय चौराहा से उनका रोड शो शुरू होगा। समापन के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष रुस्तमपुर ढाला होते हुए संतकबीरनगर चले जाएंगे। पहले रोड शो का रूट महात्मा गांधी की प्रतिमा से बैंक रोड, अग्रसेन तिराहा, राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, नखास चौक, रेती चौक, मदीना चौक और फिर घोष कंपनी था।
राहुल के रोड शो वाले रूट पर नहीं चलेंगे वाहन
राहुल गांधी के रोड शो वाले रूट पर बुधवार को वाहन नहीं चलेंगे। सुरक्षा- व्यवस्था पर एसपीजी की मुहर लगने के बाद मंगलवार की रात एसएसपी ने डायवर्जन का प्लान जारी किया। गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा का जिम्मा दो एएसपी, सात सीओ के साथ ही एक हजार सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो कंपनी पीएसी भी लगाई गई है।
गोरखपुर में बुधवार को राहुल गांधी के कार्यक्रम की सुरक्षा में एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रोड शो के दौरान दो कंपनी पीएसी, माउंटेन पुलिस, अग्निशमन दस्ता, बम निरोधी दस्ता, डाग स्क्वाड उनके साथ चलेगा। रात में उनके सर्किट हाउस पहुंचते ही पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। एक सीओ के नेतृत्व में पुलिस बल सर्किट हाउस की निगरानी में लगी रही। बुधवार को राहुल गांधी जिस रास्ते से गुजरेंगे पहले वहां बम निरोधी दस्ता जांच करेगा। इसके अलावा रास्ते के दोनों तरफ के भवनों की भी यह टीम जांच करेगी। जिन रास्तों से राहुल गांधी गुजरेंगे, उसके दोनों तरफ स्थित अपेक्षाकृत अधिक ऊंची बिल्डिंगों पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रोड शो में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 40 - 40 सिपाहियों की दो टीम बनाई गई है जो रस्सा लेकर भीड़ को करीब आने से रोकेगी।
सुबह 10 बजे से इन रास्तों पर डायवर्जन
- गोलघर, सिटी मॉल, रेलवे रोडवेज तिराहे से कोई भी वाहन यूनिवर्सिटी चौराहा की तरफ नहीं जाएगा।
- गोलघर में पहुंचने के बाद कालीमंदिर, कचहरी चौराहा की तरफ से आने वाले वाहनों को रोका जाएगा।
- कचहरी चौराहा पहुंचने पर शास्त्री चौराहा, तमकुही तिराहा, टाउनहाल की ओर से आने वाले वाहन घोष कंपनी नहीं जाएंगे।
- रोड शो के टाउनहाल तिराहे पहुंचने पर बैंक रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को रोक दिया जाएगा।
- घोष कंपनी पहुंचने पर नखास, रेती, शास्त्री चौक के तरफ से आने वाले वाहनों को रोका जाएगा।
- राहुल गांधी के शास्त्री चौक पहुंचने बेतियाताहाता, अंबेडकर चौराहा, कचहरी चौराहा की तरफ से वाहन नहीं आएंगे।
- अंबेडकर चौराहा पहुंचने पर तमकुही तिराहा, छात्रसंघ चौराहा, कैंट की तरफ से कोई वाहन नहीं आएंगे।
- कैंट चौराहा पहुंचने पर बेतियाहाता, रुस्तमपुर, छात्रसंघ की तरफ से कोई वाहन नहीं आएंगे।
- रस्तमपुर चौराहे पर जाते समय अमर उजाला तिराहा की तरफ से कोई भी वाहन टीपी नगर की तरफ नहीं जाएंगे।