डग्गामार ट्रैवलर को सीज करने की कार्रवाई करते एआरटीओ प्रवर्तन राकेश सिंह
- फोटो : mahesh kumar
लखनऊ रूट पर डग्गामारी कर रहे ‘ट्रैवलरों’ और टैक्स बकाया में चल रही बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने मंगलवार को अभियान चलाया। टीम ने तीन ‘ट्रैवलरों’ और नौ बसों को सीज कर दिया। हालांकि रेलवे स्टेशन पर पुलिस अभियान चलते ही ‘ट्रैवलर’ चालक फरार हो गए। दोपहर बाद फिर से पुलिस की शह पर सवारियां भरकर धड़ल्ले से चलने लगे।
गोरखपुर से लखनऊ रूट पर डग्गामारी कर रहे ट्रैवलर के खिलाफ अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही परिवहन विभाग की चेकिंग टीम ने अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन राकेश सिंह ने रेलवे स्टेशन पर डग्गामारी कर रहे दो ‘ट्रैवलरों’ को पुलिस यार्ड में सीज कर दिया। वहीं दूसरी तरफ एआरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार पंकज, संदीप जायसवाल और यात्री कर अधिकारी संदीप कुमार ने एक ट्रैवलर सहित टैक्स बकाया में नौ बसों को सीज किया। हालांकि परिवहन विभाग की चेकिंग टीम की कार्रवाई का असर ज्यादा देर तक नहीं रहा। दोपहर बाद रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी के सामने और एक होटल के सामने से ‘ट्रैवलर’ संचालक सवारियां भरना शुरू कर दिया।
डग्गामारी कर रहे ट्रैवलरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। चेकिंग के समय ‘ट्रैवलर’ चालक गाड़ी लेकर फरार हो जाते हैं। यह अभियान चलता रहेगा।
- डॉ. एके गुप्ता, आरटीओ प्रवर्तन
ट्रैवलरों की डग्गामारी में अगर पुलिस का हाथ है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। पूरे प्रकरण में अगर कोई पुलिस वाला मिला हुआ है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- हेमराज मीणा, एसपी सिटी