रेलवे में मनाए जा रहे स्वच्छता सप्ताह के तहत गुरुवार का दिन स्वच्छ सहयोग दिवस के रूप में मनाया गया। गोरखपुर जंक्शन पर उप मुख्य सतर्कता अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने यात्रियों से सहयोग मांगा, जबकि कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिये भी सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया। यही नहीं, परिसर में गंदगी करने वाले यात्रियों से जुर्माना भी वसूला गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों इज्जतनगर, लखनऊ एवं वाराणसी में बड़े पैमाने पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य इंजीनियर प्रवीण खुराना ने लखनऊ मंडल, सिगनल दूर संचार इंजीनियर जीएस पांडेय ने छपरा मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एपी सिंह ने काठगोदाम, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी वीएन उपाध्याय ने रुद्रपुर सिटी, उप मुख्य सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर एमपी सिंह ने बस्ती, मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर आदर्श खरे ने गोंडा, उप मुख्य वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी राकेश कुमार ने खलीलाबाद, उप मुख्य परिचालन प्रबंधक माल जेपी सिंह ने आजमगढ़ और उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक टिकट चेकिंग भूपाल सिंह ने बलिया स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक किया। शुक्रवार का दिन स्वच्छ संवाद दिवस के रूप में मनाया जाएगा।