झंगहा : महिला दो बच्चियों को लेकर नदी में कूदी
ब्रह्मपुर (गोरखपुर)। झंगहा इलाके के बोहाबार पुल से एक महिला दो बच्चियों के साथ मंगलवार दोपहर गोर्रा नदी में कूद गई। स्थानीय युवकों की मदद से एक बच्ची को जिंदा बचा लिया गया, जबकि दूसरी की मौत हो गई, महिला अब भी लापता है। उसकी तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। बचाई गई बच्ची को पुलिस चौकी में रखा गया है। महिला के पिता खुरहुरी निवासी बेचन यादव ने देर शाम चौकी आए और बच्ची की पहचान की। बेचन यादव के अनुसार उनकी बेटी मीना (28) की शादी झंगहा के करौता निवासी पिंटू पुत्र राजाराम के साथ हुई थी। जीवित बची बच्ची का नाम शिवानी (3) और मृत बच्ची डेढ़ साल की पूजा थी।
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे नदी के पास खड़े तीन युवकों ने एक महिला को दो बच्चियों के साथ नदी में कूदता देखा। उन्हें बचाने के लिए वे भी नदी में कूद गए। युवकों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाला। इनमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी जीवित थी। गहरे पानी में जाने से युवक महिला की तलाश नहीं कर सके। घटना की सूचना पर एसडीएम त्रिवेणी प्रसाद वर्मा, बाढ़ खंड के जेई वीरेंद्र कुमार, दरोगा शिव कैलाश यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को ढूंढने के लिए पुलिस ने गोताखोर बुलाए। घटना की सूचना पर आसपास कई गांव के लोग आ गए।
इनकी बहादुरी से बची बच्ची
बोहाबार के पास के गांव मिश्रौलिया के दयालगढ़ निवासी मुनीब साहनी, दीपू यादव व उनके गांव में आए कौड़ीराम के सोनाइच निवासी मगन के तत्काल नदी में कूदने की वजह से एक बच्ची की जान बच गई।