निचलौल थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव में गुरुवार की सुबह करीब सात बजे मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं व बच्चें सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले गई। दोनों पक्षो के दो लोगों की गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं बाकी घायलों का इलाज निचलौल अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त गांव निवासी धनराज के दरवाजे पर बीते वर्ष इंडिया मार्क हैंडपैम्प लगवाए थे। जहां पर पड़ोसियों द्वारा पानी भरा जाता है। इसी बीच पड़ोस के ही ऋषिकेश यादव की पत्नी सुनीता देवी पानी भरने पहुंच गई। जिसपर धनराज गुप्ता द्वारा कुछ कहा गया। जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
संघर्ष में दोनों पक्षों द्वारा ईंट, पत्थर व लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान बालिका (16), सुनीता (40), ऋषिकेश यादव (43), अभिनन्दन यादव (12), अभिषेक (14) व दूसरे पक्ष के धनराज गुप्ता (60), बसुंधरा (36), शिवकुमार (38), प्रियांशु (10), प्रीति (8) घायल हो गए। इस संबंध इंस्पेक्टर बिहागड़ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायती पत्र मिला है। एक पक्ष के शिकायती पत्र के आधार पर धनराम, शिवकुमार, बृजराज, मनराज, सत्येंद्र, हरेन्द्र, दीपेंद्र सहित आठ व दूसरे पक्ष के शिकायती पत्र के आधार पर ऋषिकेश व सुनीता पर संबंधित धाराओं के मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।