महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव में गुरुवार सुबह करीब सात बजे मामूली सी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं व बच्चे सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद पुलिस तुंरत मौके पर पहुंची और मामले में हस्तक्षेप किया।
सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लाया गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारम उन्हें प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं बाकी घायलों का इलाज निचलौल अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त गांव निवासी धनराज के दरवाजे पर बीते वर्ष इंडिया मार्क हैंडपैम्प लगवाया गया था। उस हैंडपंप से पड़ोस के लोग भी पानी भरते हैं। गुरुवार सुबह पड़ोस के ही ऋषिकेश यादव की पत्नी सुनीता देवी भी पानी भरने वहां पहुंचीं, जिसपर धनराज गुप्ता ने कुछ टिप्पणी कर दी।
इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ देर में यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों ओर से ईंट, पत्थर व लाठी-डंडे भी चलने लगे जिससे कई लोग घायल हो गए।
इंस्पेक्टर बिहागड़ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत पत्र मिला है। एक पक्ष के आधार पर धनराम, शिवकुमार, बृजराज, मनराज, सत्येंद्र, हरेन्द्र, दीपेंद्र सहित आठ व दूसरे पक्ष के आधार पर ऋषिकेश व सुनीता पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।